मुंबई के बांद्रा स्टेशन की घटना पर बोले सीएम उद्धव ठाकरे- अफवाहों पर ध्यान न दें, लॉकडाउन में सहयोग करें

महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इस बीच, मुंबई के बांद्रा स्टेशन पर मंगलवार को हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई। इन लोगों का कहना था कि उनके पास खाने को कुछ नहीं है। उन्हें अपने गांव वापस जाने दिया जाए। पुलिस ने इन्हें हटाने के लिए लाठीचार्ज किया। घटना पर सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा- आज एक अफवाह फैली की ट्रेनें शुरू हो रही हैं। इसके बाद बांद्रा रेलवे स्टेशन पर कई हजार लोग पहुंच गए। अफवाहों पर ध्यान ना दें, लॉकडाउन में सहयोग करें।


उद्धव ने कहा- मैं लोगों से कहना चाहता हूं कि आप लोग किसी लॉकअप में नहीं हैं। लॉकडाउन का मतलब कोई लॉकअप नहीं है। कोरोनावायरस ने पूरी दुनिया पर असर डाला है। सब अपने घरों में त्यौहार मनाने को मजबूर हैं। जिस दिन लॉकडाउन खुलेगा सिर्फ मैं ही नहीं केंद्र सरकार भी आपको आपके घरों तक पहुंचाने में मदद करेगी। यह महाराष्ट्र आपका है और आप यहां के। आपको डरने की जरूरत नहीं है।


उद्धव का दावा- महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा जांचें


सीएम उद्धव ने कहा- कुछ लोगों को लग रहा है कि महाराष्ट्र में कुछ विचित्र हो रहा है। महाराष्ट्र में जितनी जांच हो रही हैं, उतनी किसी राज्य में नहीं हो रही। राज्य में हमने 22 हजार सैम्पल लिए हैं। 2334 पॉजिटिव केस हैं। राज्य में 230 मरीज ठीक भी हुए हैं। मैंने आज दो लोगों से बात की। छह महीने के बच्चे तनिष्क की मां से मैंने बात की, फिर मैंने 83 साल की एक बुजुर्ग से बात की। ये बताते हैं कि हिम्मत हो, तो कोई भी जंग जीती जा सकती है। हम कोरोनावायरस के इलाज के लिए अस्पताल ही अलग कर रहे हैं।


गृहमंत्री ने लाठीचार्ज से इनकार किया


राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 4 बजे हजारों लोग बांद्रा स्टेशन के बाहर जमा हो गए थे। ये सभी मजदूर थे और लॉकडाउन के चलते अपने घरों में मौजूद थे। उन्हें भरोसा था कि लॉकडाउन खत्म हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ इसलिए वह अधीर होकर घरों से बाहर निकल आए और अपने राज्य या अपने गांव जाने की मांग करने लगे। फिलहाल वहां से सारी भीड़ डिस्पर्स हो चुकी है और हम उनके खाने-पीने का इंतजाम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के नुमाइंदों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने में कामयाबी हासिल की है और वे सभी शांति से वहां से चले गए।


सरकार इंतजाम करने में नाकाम रही: फडणवीस


महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा- बांद्रा में हुई घटना बहुत गंभीर है। सरकार की नाक के नीचे इतने बड़े पैमाने पर मजदूर इकट्ठा होकर कहते हैं कि हमें या तो खाना दीजिए या तो वापिस जाने दीजिए। हम पहले दिन से सरकार को बता रहे हैं कि जो प्रवासी मजदूर हैं, जिनके पास राशन कार्ड नहीं है, उनकी व्यवस्था सरकार को करनी होगी। सरकार ये व्यवस्था करने में असफल रही है। मैं सरकार से निवेदन करता हूं कि सबसे पहले ऐसे लोगों की सुध ले।



  • महाराष्ट्र में मंगलवार को 121 नए मामले सामने आए। राज्य में मरीजों की संख्या 2455 और मरने वालों का आंकड़ा 162 तक पहुंच गया। अकेले मुंबई में 100 लोगों की मौत हो चुकी है।

  • स्लम एरिया धारावी में मंगलवार को 6 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, जबकि 2 मरीजों की मौत हो गई। बीएमसी के अनुसार, इसके बाद इस झुग्गी-बस्ती इलाके में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 59 हो गई और 7 लोग तोड़ चुके हैं। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। यहां 13,224 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है।

  • मुंबई के ज्यादा प्रभावित इलाके वर्ली कोलीवाड़ा इलाके को बीएमसी ने 'कंटेनमेंट जोन' घोषित कर दिया है। लोगों के यहां घरों से निकलने पर पाबंदी लगा दी गई है। राज्य सरकार ने यहां पहले ही लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ा चुकी है।

  • महाराष्ट्र के आवास मंत्री जितेंद्र आव्हाड से जुड़े 16 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। आव्हाड ने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है। मंत्री से जुड़े जिन लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, उनमें उनकी सुरक्षा में रहे 5 पुलिसकर्मी, बंगले पर काम करने वाला रसोइया, सफाई कामगार, बंगले पर कार्यरत स्टाफ और अन्य कर्मचारी शामिल हैं।